गोरखपुर, 27 मार्च 2026।
गोरक्षपीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को श्रीरामनवमी के पावन अवसर पर विधि विधान से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव मनाया और मंदिर परिसर में भव्य पूजा अर्चना का आयोजन किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोपहर में गोरखनाथ मंदिर में कन्या पूजन का अनुष्ठान पूर्ण करने के बाद रामदरबार पहुंचकर प्रतिष्ठित विग्रहों का पूजन किया। उन्होंने बालस्वरूप रामलला को फूलों से सजाए गए पालने में विराजित कर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आराधना की और आरती उतारकर श्रद्धाभाव से पालने में झूला झुलाया।

मंदिर परिसर प्रभु श्रीराम के भजनों से गुंजायमान रहा। मुख्यमंत्री ने बालस्वरूप भगवान राम का तिलक लगाया, उन्हें माल्यार्पण किया और श्रद्धालुओं के साथ विधिपूर्वक पूजा अर्चना में भाग लिया। इस दौरान लोकमंगल और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थनाएं की गईं।
इसके बाद योगी आदित्यनाथ ओपन एयर थिएटर के मंच पर पहुंचे। वहां भी पालने में विराजित भगवान श्रीराम को झुलाकर विधिपूर्वक आराधना की और भगवान राम, गुरु गोरखनाथ, महंत दिग्विजयनाथ व महंत अवेद्यनाथ के चित्रों पर पुष्प अर्पित किए। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों के कल्याण और खुशहाली की कामना की।













