राजगढ़, 21 अप्रैल
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए घायलों को अस्पताल भिजवाया।
पुलिस के अनुसार यह हादसा सोमवार रात करनवास थाना क्षेत्र के ग्राम दूधी स्थित पुल के पास हाइवे पर हुआ। इंदौर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ऑटो क्रमांक एमपी 09 आर 0347 को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो संतुलन खोकर डिवाइडर से जा भिड़ा। हादसे में 57 वर्षीय चालक भंवरलाल पुत्र प्रभूलाल नामदेव निवासी दूधी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो में सवार 21 वर्षीय राज शर्मा निवासी सेमली गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही करनवास पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल ब्यावरा भेजा गया। घायल युवक का इलाज जारी है।
जानकारी में सामने आया है कि राज शर्मा विवाह के लिए किराना सामान लेकर ब्यावरा से ऑटो के जरिए अपने गांव लौट रहा था, तभी दूधी पुल के पास यह हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।








