महासमुंद, 21 मई।
जनजातीय समुदायों के समग्र विकास और उनकी बुनियादी जरूरतों को प्राथमिकता से पूरा करने के उद्देश्य से आयोजित जनजातीय गरिमा उत्सव के तहत जिला कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने गुरुवार को विकासखंड बागबाहरा के ग्राम जोरातराई और रैताल में ट्रांजेक्ट वॉक कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया।
इस दौरान उन्होंने गांव की गलियों, बस्तियों और सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण करते हुए स्थानीय परिस्थितियों का अवलोकन किया और जनजातीय परिवारों की समस्याओं एवं विकास संबंधी अपेक्षाओं को विस्तार से जाना।
कलेक्टर ने ग्रामीणों के बीच चौपाल लगाकर बैठकर जनजातीय गरिमा उत्सव के उद्देश्य तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि गांवों की वास्तविक आवश्यकताओं को समझकर ही स्थायी और प्रभावी विकास संभव है, इसी को ध्यान में रखते हुए ट्रांजेक्ट वॉक के माध्यम से पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और अन्य सुविधाओं की प्रत्यक्ष स्थिति का आकलन किया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि ग्रामीणों से प्राप्त सुझावों और स्थानीय जरूरतों के आधार पर शीघ्र ही समग्र कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे जनजातीय क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता से लागू किया जा सके। चौपाल में ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क सुधार, रोजगार और शासकीय योजनाओं के लाभ सहित विभिन्न मुद्दों पर अपनी समस्याएं रखीं, जिस पर कलेक्टर ने अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए तथा कई मामलों में ग्रामीणों से ही सुझाव भी प्राप्त किए।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, जनपद पंचायत सीईओ मंडावी, सहायक आयुक्त शिल्पा साय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। जनजातीय गरिमा उत्सव के अंतर्गत जनसुनवाई का यह कार्यक्रम 25 मई तक सभी जनजातीय ग्रामों में जारी रहेगा।





.jpg)






