भोपाल, 22 मई ।
मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण के साथ-साथ समाज के संवेदनशील वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से नवाचार आधारित पहलें लगातार की जा रही हैं। इसी क्रम में बुरहानपुर पुलिस की ‘परिवर्तन’ मुहिम प्रदेश में एक प्रेरणादायी मॉडल के रूप में सामने आई है, जिसका उद्देश्य सिकलीगर समाज के युवाओं को अपराध की प्रवृत्ति से दूर कर शिक्षा, जागरूकता और रोजगार की दिशा में आगे बढ़ाना है।
पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि जिले में अवैध हथियारों की रोकथाम के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में एक ओर जहां अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के नेटवर्क पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है, वहीं दूसरी ओर युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
अभियान के तहत गांवों, विद्यालयों, धार्मिक स्थलों और थाना परिसरों में चौपाल, संवाद और बैठकें आयोजित की जा रही हैं, जिनमें युवाओं और उनके परिजनों को शासन की योजनाओं, स्वरोजगार अवसरों तथा कौशल विकास कार्यक्रमों की जानकारी दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों द्वारा यह संदेश दिया जा रहा है कि सम्मानजनक जीवन का मार्ग शिक्षा और रोजगार से होकर गुजरता है, न कि अपराध से।
इस पहल का सकारात्मक परिणाम यह रहा कि अभियान के तहत चार युवाओं को एक निजी कंपनी में रोजगार उपलब्ध कराया गया है, जबकि अन्य युवाओं के लिए उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार दिलाने के प्रयास जारी हैं। यह कदम समाज में सकारात्मक परिवर्तन और आत्मविश्वास बढ़ाने का कार्य कर रहा है।
खकनार थाना क्षेत्र में पुलिस टीम द्वारा इस अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है, जहां निरंतर संवाद और विश्वास निर्माण के माध्यम से युवाओं को नई दिशा दी जा रही है।
साथ ही, पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में प्रकरण दर्ज कर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है तथा भारी मात्रा में अवैध हथियार और निर्माण सामग्री भी जब्त की गई है, जो पिछले वर्षों में की गई सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है।
यह अभियान इस बात का उदाहरण बन रहा है कि यदि सही मार्गदर्शन और अवसर मिले तो युवा अपराध की राह छोड़कर विकास और समाज निर्माण की मुख्यधारा से जुड़ सकते हैं।






.jpg)







