नई दिल्ली, 25 मई ।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को राजस्थान में फैले 10,064 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क की गुणवत्ता और रखरखाव की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। यह समीक्षा मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों से प्राप्त जानकारियों के आधार पर की गई।
इस उच्चस्तरीय बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा और हर्ष मल्होत्रा के साथ भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी तथा परियोजनाओं से जुड़े ठेकेदार भी उपस्थित रहे।

गडकरी ने बैठक के दौरान सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करने, गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से टिकाऊ व प्रभावी राजमार्ग ढांचे के विकास पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि मजबूत राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क देश में कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने, आर्थिक गतिविधियों को गति देने और यात्रियों की सुविधा बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है।
मंत्री ने अधिकारियों को मानसून से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए और सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि राजमार्ग परिसंपत्तियों की दीर्घकालिक मजबूती बनाए रखने के लिए पूर्व तैयारी, रोकथाम उपायों और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू किया जाए।















