औरैया, 26 मई।
जिले के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मुडैना रूपशाह गांव में मंगलवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में आम के पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार तड़के करीब सवा पांच बजे गांव के लोग जब खेतों की ओर जा रहे थे, तब उन्होंने देव स्थान मंदिर के समीप स्थित एक आम के पेड़ पर गमछे के सहारे युवक का शव लटका देखा। ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुँची पुलिस टीम ने घटनास्थल की जांच की और मृतक की पहचान हाथ पर गुदे नाम और पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर कन्नौज जिले के निवासी 25 वर्षीय विपिन कुमार के रूप में की।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक पेशे से ढोलक वादक था और कार्यक्रमों में काम करता था। परिजनों के अनुसार, वह बीते रविवार को किसी कार्यक्रम में जाने की बात कहकर घर से निकला था।
घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।















