मध्य प्रदेश
26 May, 2026

पन्ना में कुआं धंसने से पांच मजदूर दबे, दो शव बरामद, तीन की तलाश जारी

पन्ना जिले में कुएं की खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से पांच मजदूर दब गए जिनमें दो के शव बरामद हो चुके हैं जबकि तीन को निकालने के लिए बचाव कार्य जारी है।

पन्ना, 26 मई।

मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अजयगढ़ जनपद अंतर्गत ग्राम बीहरपुरवा के नयापुरवा क्षेत्र में मंगलवार दोपहर खेत में कुएं की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से बड़ा हादसा हो गया, जिसमें पांच मजदूर मलबे के नीचे दब गए।

राहत एवं बचाव कार्य के दौरान खबर लिखे जाने तक दो मजदूरों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि तीन अन्य मजदूरों को सुरक्षित निकालने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास जारी हैं और मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जुटे हुए हैं।

जानकारी के अनुसार ग्राम बीहरपुरवा के नयापुरवा निवासी बिन्नू अहिरवार के खेत पर लगभग दस दिनों से सात मजदूर कुएं की खुदाई का कार्य कर रहे थे, तभी मंगलवार सुबह करीब 11 बजे दो मजदूर पानी पीने के लिए ऊपर आए और उसी दौरान कमजोर व गीली मिट्टी अचानक धंस गई।

मिट्टी के भरभरा कर गिरने से कुएं के भीतर गहराई में काम कर रहे पांच मजदूर पूरी तरह मलबे में दब गए, जिसके बाद सूचना पुलिस और प्रशासन को दी गई, हालांकि राहत दल के समय पर न पहुंचने से हालात और गंभीर हो गए।

लंबे इंतजार के बाद जब कोई आधिकारिक बचाव दल मौके पर नहीं पहुंचा तो ग्रामीणों ने स्वयं जेसीबी मशीन मंगवाकर रेस्क्यू शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद दो मजदूरों राजकुमार यादव और चुनवाद पाल के शव बाहर निकाले।

फिलहाल चुन्नू यादव, आशीष यादव सहित एक अन्य मजदूर मलबे में दबे हुए हैं और जेसीबी की मदद से मिट्टी हटाकर उन्हें निकालने का प्रयास लगातार जारी है, वहीं परिजनों ने बताया कि यह कुआं पहले से ही खतरनाक स्थिति में था लेकिन इसके बावजूद कार्य कराया जा रहा था तथा तीन घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी प्रशासनिक बचाव कार्य शुरू नहीं हो सका था।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

31° / 43°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़