हरिद्वार, 25 मई।
हरिद्वार में गंगा के तेज बहाव में बह रहे हरियाणा निवासी एक व्यक्ति की जान उस समय बच गई, जब वह हाथी पुल क्षेत्र में लगी सुरक्षा जंजीर में फंस गया। मौके पर मौजूद एसडीआरएफ टीम ने तत्परता दिखाते हुए साहसिक रेस्क्यू अभियान चलाकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सोमवार को हरियाणा के झज्जर निवासी 45 वर्षीय टीनू कुमार पुत्र महावीर सिंह गंगा स्नान के लिए नदी में उतरे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह नशे की अवस्था में प्रतीत हो रहे थे। स्नान के दौरान अचानक तेज बहाव में बहते हुए वह हाथी पुल क्षेत्र में लगी सुरक्षा जंजीर तक पहुंच गए और उसे पकड़कर किसी तरह लटक गए।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम तुरंत सक्रिय हो गई। जवानों ने बिना देरी किए सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया और कठिन प्रयासों के बाद व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के बाद एसडीआरएफ कर्मियों ने उसे प्राथमिक रूप से समझाते हुए भविष्य में नशे की हालत में गंगा स्नान न करने की सख्त चेतावनी दी। इसके बाद उसे सुरक्षित रूप से परिजनों और साथियों को सौंप दिया गया। इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई के लिए परिजनों तथा मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने एसडीआरएफ टीम की सराहना की।







.jpg)







