भोपाल, 26 मई ।
पूर्व केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री एवं मध्य प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव ने 20 मई को जैन संत समाज से जुड़ी हृदयविदारक घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मामले की न्यायिक जांच की मांग की है।
उन्होंने इस घटना को केवल सड़क दुर्घटना नहीं बल्कि आस्था, संस्कृति और मानवता को झकझोर देने वाली गंभीर घटना बताया है।
अरुण यादव ने कहा कि पूज्य श्रुति मति माता एवं उपशममति माता जी का असामयिक समाधि मरण अत्यंत दुखद है और पैदल विहार के दौरान तेज रफ्तार वाहन द्वारा उन्हें कुचला जाना अत्यंत चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि इस घटना को सामान्य हादसा मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और इसकी उच्च स्तरीय तथा निष्पक्ष जांच आवश्यक है ताकि वास्तविकता सामने आ सके और दोषियों को सख्त सजा मिल सके।
उन्होंने पूरे मामले की जांच के लिए न्यायिक जांच अथवा विशेष जांच दल से विस्तृत जांच कराने की मांग की और साथ ही घटना से जुड़े सभी डिजिटल एवं सीसीटीवी साक्ष्यों को सुरक्षित रखने पर जोर दिया।
अरुण यादव ने कहा कि देशभर में पैदल विहार करने वाले साधु-संतों की सुरक्षा के लिए अब “संत सुरक्षा नीति” लागू की जानी चाहिए क्योंकि उनकी सुरक्षा राष्ट्र की जिम्मेदारी है।
उन्होंने दिवंगत साध्वी माताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए जैन समाज और श्रद्धालुओं के प्रति गहरी संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।














