उज्जैन, 26 मई।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज मंगलवार को उज्जैन में आयोजित शिप्रा तीर्थ परिक्रमा के समापन समारोह में सम्मिलित होंगे। शाम पांच बजे रामघाट पर आयोजित इस मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोक्षदायिनी मां शिप्रा को 351 फीट लंबी चुनरी अर्पित कर परिक्रमा का औपचारिक समापन करेंगे।
दो दिवसीय शिप्रा तीर्थ परिक्रमा का शुभारंभ सोमवार, 25 मई को गंगा दशहरा के पावन अवसर पर किया गया था। इस यात्रा का उद्देश्य शिप्रा नदी का संरक्षण और संवर्धन करना है। विगत कई वर्षों से अनवरत जारी इस यात्रा का नेतृत्व मुख्यमंत्री स्वयं करते रहे हैं। परिक्रमा के दौरान यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होकर पुनः रामघाट पहुंची है, जहां आज भव्य गंगा दशहरा उत्सव का आयोजन किया गया है।
इस विशेष आयोजन में सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रस्तुत की जाएगी। समारोह का मुख्य आकर्षण भारतीय नौसेना बैंड की पहली बार होने वाली प्रस्तुति है। इसके अतिरिक्त, ख्याति प्राप्त गायिका मैथिली ठाकुर अपनी टीम के साथ भक्ति संगीत के माध्यम से वातावरण को धर्ममय बनाएंगी।
'जल गंगा संवर्धन अभियान' के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय निकायों, शोध संस्थानों और तीर्थ पुरोहित समाज का सक्रिय सहयोग प्राप्त हुआ है। इस आयोजन का उद्देश्य शिप्रा नदी की स्वच्छता और लोक संस्कृति को बढ़ावा देना है। मुख्यमंत्री का यह दौरा और चुनरी अर्पण का कार्यक्रम नदी के संरक्षण के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।














