नई दिल्ली, 26 मई।
बीजू जनता दल से इस्तीफा देने के एक दिन बाद राज्यसभा सदस्य पद भी छोड़ चुके देबाशीष सामंतराय मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। उन्होंने भाजपा मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की, जहां राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह मौजूद रहे।
इस अवसर पर देबाशीष ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और कार्यशैली से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुए हैं तथा अब वे ओडिशा के विकास के लिए अधिक प्रभावी ढंग से काम कर सकेंगे। कार्यक्रम में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और सांसद अनिल बलूनी भी उपस्थित रहे।
सामंतराय ने एक दिन पहले बीजद और राज्यसभा से इस्तीफा देते हुए आरोप लगाया था कि पार्टी में उन्हें लगातार उपेक्षा का सामना करना पड़ रहा था।
वे बीजद के टिकट पर तीन बार विधायक चुने जा चुके हैं, जिनमें एक बार तिर्तोल और दो बार कटक बाराबती सीट से जीत दर्ज की थी, जबकि वर्ष 2024 में उन्हें राज्यसभा सदस्य बनाया गया था। उन्हें बीजद प्रमुख नवीन पटनायक का करीबी माना जाता रहा है।
उनके पार्टी छोड़ने के बाद राज्यसभा में बीजद की संख्या घटकर पांच रह गई है, इससे पहले दो अन्य सांसद ममता महंत और सुजीत कुमार भी इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो चुके हैं।















