भोपाल, 26 मई ।
रतलाम जिले के बिलपांक थाना क्षेत्र में डायल-112 जवानों की तत्परता और संवेदनशीलता के चलते सड़क दुर्घटना में घायल एक बुजुर्ग को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उपचार उपलब्ध कराया गया। त्वरित मदद मिलने से घायल को समय रहते चिकित्सकीय सुविधा मिल सकी।
मंगलवार को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना मिली कि बिलपांक-दंतोड़िया मार्ग पर दो मोटर साइकिलों की टक्कर हो गई है, जिसमें एक बुजुर्ग घायल हो गए हैं और मौके पर पुलिस सहायता की आवश्यकता है।
सूचना मिलते ही थाना बिलपांक क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंची टीम ने पाया कि दो मोटर साइकिलों की भिड़ंत में बुजुर्ग व्यक्ति घायल अवस्था में पड़े थे।
डायल-112 स्टाफ ने बिना देरी किए घायल बुजुर्ग को सुरक्षित वाहन से मेडिकल कॉलेज रतलाम पहुंचाया, जहां उनका उपचार शुरू कराया गया। समय पर मिली मदद से घायल को राहत मिल सकी।
यह कार्रवाई डायल-112 सेवा की आपात स्थितियों में त्वरित सहायता और आमजन की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। सड़क दुर्घटनाओं सहित अन्य संकट की परिस्थितियों में डायल-112 जवान लगातार तत्परता और सेवा भाव के साथ लोगों की मदद कर रहे हैं।














