भोपाल, 26 मई ।
मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में मंगलवार को निर्माणाधीन कुएं की मिट्टी धंसने से बड़ा हादसा हो गया। अजयगढ़ विकासखंड के ग्राम बीहरपुरवा स्थित नयापुरवा में खेत पर चल रही कुएं की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से पांच श्रमिक मलबे में दब गए, जिनकी मौत हो गई।
हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों में चार एक ही परिवार के बताए गए हैं। राहत एवं बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर अभियान चलाया और दो मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पन्ना कलेक्टर मौके पर पहुंचीं और राहत कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी और पूरे मामले की जांच कराने की बात कही। साथ ही स्पष्ट किया गया कि घटना में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दुखद घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताई।
मुख्यमंत्री ने मृतक श्रमिकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह हादसा अत्यंत दुखद है और सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।














