प्रशासनिक खबरें
26 May, 2026

टीटी नगर में सायरन और ब्लैकआउट के बीच मॉकड्रिल, चौथी मंजिल से हुआ लाइव रेस्क्यू

भोपाल के टीटी नगर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी परिसर में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ सहित कई एजेंसियों ने ब्लैकआउट के बीच मॉकड्रिल कर चौथी मंजिल से लोगों को सुरक्षित निकालने का लाइव रेस्क्यू प्रदर्शन किया।

भोपाल, 26 मई ।

राजधानी भोपाल के टीटी नगर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी परिसर में मंगलवार शाम आपदा प्रबंधन और आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से बड़े स्तर पर मॉकड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान सायरन की आवाज और ब्लैकआउट के बीच राहत एवं बचाव कार्यों का लाइव प्रदर्शन किया गया।

मॉकड्रिल में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस और फायर ब्रिगेड समेत कई एजेंसियों ने भाग लिया। रात करीब आठ बजे सायरन बजते ही पूरे परिसर में ब्लैकआउट कर दिया गया, जिसके बाद युद्ध जैसी आपात स्थिति, आगजनी और भूकंप जैसी संभावित आपदाओं के दौरान बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया।

अभ्यास के दौरान चौथी मंजिल पर फंसे लोगों को रस्सियों और स्ट्रेचर की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का भी प्रदर्शन किया गया। वहीं फायर ब्रिगेड की टीम ने काल्पनिक आग लगने की स्थिति में आग बुझाने की कार्रवाई कर अपनी तत्परता दिखाई।

इस दौरान राहत और बचाव कार्य में शामिल विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का भी परीक्षण किया गया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने लोगों को आपात स्थिति में घबराने के बजाय सतर्क और संयमित रहने की सलाह दी।

अधिकारियों के अनुसार इस तरह की मॉकड्रिल का उद्देश्य नागरिकों में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना और आपातकालीन हालात में बचाव एजेंसियों की तैयारियों को और मजबूत बनाना है।

यूनियन कार्बाइड गैस त्रासदी जैसी बड़ी आपदा का सामना कर चुके भोपाल के लिए ऐसे नियमित अभ्यासों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, ताकि भविष्य में किसी भी आपात स्थिति के दौरान राहत और बचाव कार्य तेजी से सुनिश्चित किए जा सकें।

|
आज का राशिफल

कामकाज में आ रहा अवरोध दूर होकर प्रगति का रास्ता मिल जाएगा। मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। नवीन जिम्मेदारी बढ़ने के आसार रहेंगे। यात्रा शुभ रहेगी। अपने काम को प्राथमिकता से करें। शुभांक-3-7-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़