शिक्षा
27 May, 2026

अभाविप की भुवनेश्वर बैठक में शिक्षा सुधार और शहरी नक्सलवाद के विरुद्ध संघर्ष का संकल्प

भुवनेश्वर में हुई अभाविप की केंद्रीय कार्यसमिति बैठक में शिक्षा सुधार, युवाओं की भूमिका और शहरी नक्सलवाद जैसी चुनौतियों के विरुद्ध संघर्ष पर व्यापक चर्चा कर प्रस्ताव पारित किए गए।

भुवनेश्वर, 27 मई ।

ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर स्थित ‘शिक्षा ‘ओ’ अनुसंधान’ विश्वविद्यालय में बुधवार को आयोजित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की एक दिवसीय केंद्रीय कार्यसमिति बैठक में शिक्षा व्यवस्था, राष्ट्रीय सुरक्षा, युवाओं की भूमिका और संगठनात्मक विस्तार जैसे विषयों पर व्यापक मंथन किया गया।

बैठक में देशभर से आए प्रतिनिधियों ने समसामयिक मुद्दों पर विचार साझा किए। इस दौरान पश्चिम बंगाल में हिंसा, भय और तुष्टिकरण की राजनीति के विरुद्ध लोकतांत्रिक मूल्यों की पुनर्स्थापना के समर्थन में एक अभिनंदन प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। प्रस्ताव में जनमानस द्वारा लोकतांत्रिक व्यवस्था के समर्थन को स्वीकार करते हुए उसका स्वागत किया गया।

कार्यसमिति में अभाविप द्वारा संचालित विभिन्न अभियानों और कार्यक्रमों की समीक्षा भी की गई। इनमें ‘स्क्रीन टाइम टू एक्टिविटी टाइम अभियान’, ‘वंदे मातरम् के 150 वर्ष’, ‘छात्रावास सर्वेक्षण अभियान’, ‘प्राध्यापक यशवंतराव केलकर जन्मशती वर्ष’, ‘आपातकाल निषेध के 50 वर्ष’, ‘श्री गुरु तेगबहादुर बलिदान दिवस के 350 वर्ष’ तथा ‘संत शिरोमणि रविदास जी के 650वें प्राकट्योत्सव’ जैसे विषय शामिल रहे। इन अभियानों को अधिक प्रभावी बनाने और उन्हें जनसरोकारों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में संगठनात्मक विस्तार और कार्यक्रमों के अनुवर्तन की दिशा में रणनीति तैयार करने पर भी विचार किया गया। प्रतिनिधियों ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और सामाजिक-आर्थिक चुनौतियों से निपटने के लिए युवाओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।

अभाविप के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. रघुराज किशोर तिवारी ने कहा कि संगठन की भावी दिशा तय करने के लिए वर्तमान परिस्थितियों और पूर्व कार्यों का मूल्यांकन आवश्यक है। उन्होंने भारतीय दर्शन और सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित शिक्षा व्यवस्था को राष्ट्र निर्माण के लिए अनिवार्य बताया।

राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि भारत वैश्विक नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ रहा है और ऐसे समय में अभाविप शिक्षा में व्याप्त विसंगतियों तथा शहरी नक्सलवाद जैसी चुनौतियों के विरुद्ध सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने विभिन्न राज्यों में चलाए गए छात्र आंदोलनों, परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ अभियानों और छात्रसंघों के माध्यम से किए गए प्रयासों का उल्लेख किया।

उन्होंने बताया कि संगठन द्वारा जनजातीय छात्र सम्मेलन, छात्रा संसद, विधि छात्र सम्मेलन तथा ‘मिशन साहसी’ जैसे अभियानों के तहत लाखों छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिया गया है, जो इसकी बढ़ती स्वीकार्यता का संकेत है। बैठक को कार्यकर्ताओं के लिए नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करने वाला बताया गया।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़