भोपाल, 27 मई ।
ईद-उल-अजहा (बकरीद) को लेकर मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड ने प्रदेशभर के मुस्लिम समाज के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिसमें सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर नमाज अदा न करने तथा कुर्बानी से जुड़े फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा न करने की अपील की गई है।
बोर्ड ने सभी मस्जिदों, ईदगाहों, दरगाहों और वक्फ समितियों को निर्देशित किया है कि त्योहार को शांति, सौहार्द और प्रशासनिक नियमों के पालन के साथ मनाया जाए तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचा जाए।
निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि ईद की नमाज केवल निर्धारित धार्मिक स्थलों जैसे मस्जिदों और ईदगाहों में ही अदा की जाए, ताकि सड़क पर भीड़ या यातायात बाधित होने जैसी स्थिति उत्पन्न न हो और आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसके साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में संभावित भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन को पहले से सूचना देने की बात भी कही गई है, जिससे सुरक्षा और व्यवस्थाएं सुचारु रूप से सुनिश्चित की जा सकें।
वक्फ बोर्ड ने कुर्बानी से जुड़े मामलों पर विशेष अपील करते हुए कहा है कि इसे केवल निर्धारित स्थानों पर ही किया जाए और इसके फोटो या वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने से बचा जाए, क्योंकि इससे सामाजिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
बोर्ड ने साफ-सफाई और अपशिष्ट प्रबंधन पर भी जोर दिया है और कहा है कि कुर्बानी के बाद स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा सभी संबंधित समितियां प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।
इधर भोपाल में कुछ संगठनों ने भी पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए ‘इको फ्रेंडली ईद’ मनाने की अपील की है और त्योहार के दौरान स्वच्छता एवं पर्यावरण संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया गया है।











