अमेरिका/यूरोप
27 May, 2026

अमेरिका के लॉन्गव्यू में पेपर प्लांट में बड़ा हादसा, रसायनिक टैंक फटने से मची तबाही, बचाव अभियान जारी

अमेरिका के वाशिंगटन (लॉन्गव्यू) स्थित पेपर एवं पल्प मिल में रसायनिक टैंक फटने से बड़ा हादसा हुआ जिसमें कई लोगों की मौत की आशंका है, कई कर्मचारी लापता हैं और राहत-बचाव कार्य जारी है।

वाशिंगटन, 27 मई।

अमेरिका के एक पेपर एवं पल्प संयंत्र में रसायनिक टैंक फटने से बड़ा हादसा हो गया, जिसमें कई लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि अधिकारियों ने मृतकों की संख्या स्पष्ट नहीं होने की बात कही है तथा लगभग दस लोग गंभीर रूप से झुलसकर नाजुक स्थिति में पाए गए हैं।

संयंत्र परिसर में हुए इस हादसे के बाद कई कर्मचारियों के लापता होने की भी सूचना सामने आई है और प्रबंधन ने मंगलवार सुबह हुई इस घटना में कई मौतों की पुष्टि करते हुए बचाव कार्य जारी रहने की जानकारी दी है।

स्पष्ट किया गया है कि यह मिल अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन में नहीं, बल्कि देश के उत्तर-पश्चिमी प्रांत वाशिंगटन (लॉन्गव्यू) में स्थित है और घटना के बाद आसपास के नागरिकों को किसी प्रकार के तत्काल खतरे से इनकार किया गया है, वहीं सुबह लगभग 7:15 बजे ‘व्हाइट लिकर’ भरे टैंक में विस्फोट की सूचना दमकल विभाग को मिली थी।

अधिकारियों के अनुसार स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और राहत व बचाव अभियान लगातार जारी है, हालांकि मृत और लापता लोगों की संख्या का आकलन अभी संभव नहीं बताया जा रहा है।

बचाव कार्य के दौरान एक दमकलकर्मी फिसलकर घायल हो गया, जबकि गंभीर रूप से झुलसे लोगों को आसपास के चिकित्सा केंद्रों और बर्न यूनिटों में भर्ती कराया गया है।

यह संयंत्र कोलंबिया नदी के किनारे स्थित है, जहां कागज, कप, प्लेट, कार्टन और अन्य उत्पादों के लिए कच्चा माल तैयार किया जाता है तथा यहां लगभग एक हजार कर्मचारी कार्यरत हैं।

बताया गया कि जिस टैंक में विस्फोट हुआ उसकी क्षमता अस्सी हजार गैलन थी और वह लगभग साठ प्रतिशत भरा हुआ था, जिसमें सोडियम हाइड्रॉक्साइड और सोडियम सल्फाइड जैसे रसायन मौजूद थे जिनका उपयोग लकड़ी को संसाधित कर क्राफ्ट पेपर बनाने में किया जाता है, जबकि विस्फोट के कारणों की जांच अभी शुरुआती चरण में है और घटना स्थल पर लगभग चालीस दमकलकर्मी एवं पैरामेडिक्स के साथ विशेष हैजमैट टीम तैनात की गई है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़