नई दिल्ली, 28 मई।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के हालिया दिल्ली दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात के बाद उनके कांग्रेस नेतृत्व से मुलाकात न होने को लेकर उठ रहे सवालों पर राज्यसभा सदस्य एम. क्रिस्टोफर तिलक ने स्थिति स्पष्ट की है कि मुख्यमंत्री जल्द ही दोबारा दिल्ली आकर राहुल गांधी और सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगे।
सीएम विजय मुख्यमंत्री बनने के बाद बुधवार 27 मई को पहली बार दिल्ली पहुंचे थे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री से भेंट की और इसके बाद गुरुवार सुबह चेन्नई के लिए रवाना हो गए। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित किसी भी कांग्रेस नेता से मुलाकात नहीं होने पर राजनीतिक अटकलें शुरू हो गई थीं।
इन अटकलों को समाप्त करते हुए एम. क्रिस्टोफर तिलक ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व कर्नाटक और झारखंड से जुड़े मामलों में व्यस्त था, जिसके कारण यह मुलाकात नहीं हो सकी। उन्होंने बताया कि यह यात्रा पूरी तरह आधिकारिक थी और समयाभाव की वजह से कांग्रेस नेताओं से बैठक टल गई।
तिलक ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री विजय ने अपनी इस दिल्ली यात्रा में प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद चेन्नई लौटने का निर्णय लिया और अब अगली यात्रा के दौरान कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से निश्चित रूप से भेंट होगी।
















