नागरिक समस्याएँ
28 May, 2026

अयोध्या बायपास पर पेड़ों की कटाई के विरोध में सड़कों पर उतरे लोग, हरियाली बचाने की उठी मांग

अयोध्या बायपास पर सड़क चौड़ीकरण के लिए प्रस्तावित हजारों पेड़ों की कटाई के विरोध में पर्यावरण प्रेमियों और नागरिकों ने प्रदर्शन कर हरियाली संरक्षण की मांग उठाई।

भोपाल, 28 मई ।

राजधानी भोपाल के अयोध्या बायपास पर 10 लेन सड़क निर्माण परियोजना के तहत बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई के विरोध में गुरुवार को पर्यावरण प्रेमियों, समाजसेवियों और स्थानीय नागरिकों का आक्रोश सामने आया। विरोध प्रदर्शन के दौरान लोगों ने प्रदेश सरकार, नगर निगम और एनएचएआई के खिलाफ नाराजगी जताते हुए हरियाली संरक्षण की मांग की। प्रदर्शन स्थल पर “वृक्ष हत्या बंद करो”, “हरियाली बचाओ-भोपाल बचाओ” और “पेड़ बचेंगे तो जीवन बचेगा” जैसे नारे लगाए गए।

प्रदर्शन के दौरान कट चुके पेड़ों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई। लोगों ने फूल अर्पित किए, अगरबत्तियां जलाईं और मौन रखकर उन वृक्षों को याद किया, जिन्हें उन्होंने शहर की स्वच्छ हवा और पर्यावरण का महत्वपूर्ण आधार बताया। इस विरोध प्रदर्शन में पर्यावरण प्रेमी उमा शंकर तिवारी, कांग्रेस नेता प्रदीप मोनू सक्सेना, दीपक गुप्ता, अभिनव मुकेश यादव, एकजोट सिंह और मुकेश सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि विकास परियोजनाओं के नाम पर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उनका आरोप है कि अयोध्या बायपास चौड़ीकरण के तहत जिन हजारों पेड़ों को हटाया जा रहा है, वे केवल वृक्ष नहीं, बल्कि शहर की हरियाली, स्वच्छ वातावरण और आने वाली पीढ़ियों की धरोहर हैं। पर्यावरण संरक्षण से जुड़े लोगों ने कहा कि कई दशक पुराने वृक्षों की भरपाई केवल पौधारोपण से संभव नहीं हो सकती।

जानकारी के अनुसार, एनएचएआई की ओर से आसाराम तिराहे से रत्नागिरि तिराहे तक अयोध्या बायपास को 10 लेन में विकसित किया जा रहा है। करीब 836 करोड़ रुपये की इस परियोजना के तहत 7,871 पेड़ों की कटाई प्रस्तावित बताई जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने मांग रखी कि पेड़ों की कटाई पर रोक लगाई जाए, प्रत्येक पेड़ के बदले 10 पौधे लगाए जाएं और सड़क चौड़ीकरण के अन्य विकल्पों पर विचार किया जाए।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने चेतावनी दी कि यदि पेड़ों की कटाई पर रोक नहीं लगी तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा।

|
आज का राशिफल

कारोबारी काम में नवीन तालमेल और समन्वय बन जाएगा। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। कर भला तो हो भला वाली कहावत याद रखें। किसी को हानी पंहुचाने की चेष्टा न करें अन्यथा हानि संभव है। धार्मिक कार्य में समय और धन व्यय होगा। कर्ज तथा रोगों से मुक्ति भी संभव है। इच्छित कार्य सफल होंगे। शुभांक-5-6-8

आज का मौसम

भोपाल

27° / 36°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़