असम, 29 मई ।
असम के तिनसुकिया जिले में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम-इंडिपेंडेंट (उल्फा-आई) से जुड़ने की कथित कोशिश के आरोप में पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान नंबर-2 नलोनी गांव निवासी बिजॉय मोरान (28), नंबर-2 टेकेरी गांव निवासी अंतु मोरान (34) और न्यूटन मोरान (22) के रूप में हुई है। तीनों पेंगेरि थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ये युवक संगठन से संपर्क स्थापित कर उसमें शामिल होने की योजना बना रहे थे। इसी आधार पर विशेष अभियान चलाकर उन्हें हिरासत में लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि तीनों से पूछताछ की जा रही है ताकि उनके संभावित संपर्कों, भर्ती नेटवर्क और इस गतिविधि से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में ऊपरी असम और अरुणाचल प्रदेश से सटे क्षेत्रों में सुरक्षा एजेंसियों ने उग्रवादी गतिविधियों, ओवर ग्राउंड वर्करों और भर्ती नेटवर्क के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है तथा सीमावर्ती इलाकों में निगरानी भी बढ़ाई गई है।















