भोपाल, 2 जून ।
राजधानी भोपाल में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने नागरिकों की समस्याएं विस्तार से सुनीं और प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इस जनसुनवाई में कुल 188 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर ने मौके पर ही कई मामलों का निराकरण सुनिश्चित किया और शेष मामलों को शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
कलेक्टर ने जनसुनवाई में पहुंचे प्रत्येक नागरिक से धैर्यपूर्वक संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को समझा और उन्हें शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों के आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए और किसी भी स्तर पर देरी न हो।
इस दौरान अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, एसडीएम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने प्राप्त शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया में भाग लिया।













