महाराष्ट्र
12 Jun, 2026

किसान को मिला बीमार बैल तो भड़के मुख्यमंत्री फडणवीस, बोले- 'किसान की पसंद का स्वस्थ बैल खरीदकर दें'

लातूर में किसान काशीनाथ गायकवाड़ को सरकारी सहायता में बीमार बैल मिलने पर सीएम देवेंद्र फडणवीस ने जिला प्रशासन को फटकार लगाई है और किसान को उसकी पसंद का स्वस्थ बैल दिलाने का निर्देश दिया है।

मुंबई, 12 जून।

महाराष्ट्र के लातूर जिले से आई एक विचलित कर देने वाली तस्वीर ने राज्य सरकार को कठघरे में खड़ा कर दिया था। बोंबली गांव के एक किसान काशीनाथ गायकवाड़, जो अपनी पत्नी को हल में जोतकर खेती करने को मजबूर हुए थे, का मामला अब एक नए विवाद का केंद्र बन गया है। इस बार विवाद का कारण सरकारी मदद में मिला 'बीमार बैल' है।

क्या था पूरा घटनाक्रम?

आर्थिक तंगी से जूझ रहे किसान काशीनाथ का बैल बिजली गिरने से मर गया था, जिसके बाद उन्होंने अपनी पत्नी हौसाबाई के साथ खुद हल खींचकर खेत जोता। इस घटना का वीडियो वायरल होते ही प्रशासन हरकत में आया और 10 जून को आनन-फानन में पशुपालन विभाग द्वारा एक बैल मुहैया कराया गया। हालांकि, राहत के बजाय यह मदद और अधिक मुसीबत बन गई, क्योंकि वह बैल भी बीमार निकला और काम करने में असमर्थ था। इस लापरवाही पर विपक्षी दलों और सामाजिक संगठनों ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया।

मुख्यमंत्री ने की सख्ती, दिए सुधार के निर्देश:

मुंबई में शुक्रवार को मीडिया से मुखातिब होते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस पूरे मामले पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने माना कि प्रशासन द्वारा की गई सहायता प्रक्रिया में चूक हुई है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उन्होंने जिला कलेक्टर डॉ. भारत बस्तेवाड को व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदारी सौंपी है।

सीएम फडणवीस ने अपने आदेश में कहा, "मैंने कलेक्टर को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसान को स्वयं बाजार ले जाया जाए और उनकी पसंद का, पूरी तरह स्वस्थ बैल खरीदकर उन्हें सौंपा जाए। सरकारी खानापूर्ति के लिए दी जाने वाली सहायता स्वीकार्य नहीं है।"

प्रशासनिक स्तर पर हड़कंपl:

मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद लातूर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। अब उम्मीद है कि काशीनाथ गायकवाड़ को जल्द ही नया और स्वस्थ बैल मिलेगा, जिससे उनकी खेती की समस्या का समाधान हो सकेगा। यह घटना न केवल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि जमीनी स्तर पर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में कितनी संवेदनशीलता की आवश्यकता है।

|
आज का राशिफल

संतान की ओर से हर्ष के प्रसंग बनेंगे। समय को देखकर कार्य करना ज्यादा हितकर रहेगा। परिश्रम अधिक करना पड़ेगा तभी आप लाभ की आशा कर सकते हैं। कार्य क्षेत्र में पदोन्नति के योग बनेंगे। आलस्य का त्याग करें। पुरुषार्थ का सहारा लें। व्यवसायिक अभ्युदय भी होगा और प्रसन्नताएं भी बढ़ेगी। शुभांक-3-6-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़