मथुरा, 02 जून ।
आईपीएल में सफलता हासिल करने के बाद भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ वृंदावन पहुंचे। यहां दोनों ने संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचकर उनके दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया।
सुबह आश्रम पहुंचने पर विराट और अनुष्का ने नंगे पैर परिसर में प्रवेश किया। दोनों ने आश्रम में समय बिताया और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की। वे करीब दो घंटे तक आश्रम में मौजूद रहे।
आश्रम से बाहर निकलते समय विराट कोहली के माथे पर चंदन और तिलक लगा हुआ दिखाई दिया। उनके हाथ में एक धार्मिक पुस्तक भी थी, जिसने श्रद्धालुओं और प्रशंसकों का ध्यान आकर्षित किया।
इसके बाद विराट और अनुष्का ने लगभग 150 मीटर पैदल चलकर गुरु हित गोविंद शरण महाराज के आश्रम में भी दर्शन किए। वहां भी दोनों ने पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी इसी वर्ष अप्रैल महीने में विराट कोहली और अनुष्का शर्मा संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए वृंदावन पहुंचे थे। एक बार फिर उनकी यह आध्यात्मिक यात्रा चर्चा का विषय बनी हुई है।













