धर्मशाला, 12 जून।
धर्मशाला के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में कल शनिवार को होने वाले भारत-अफ़ग़ानिस्तान एक दिवसीय मैच को लेकर उत्साह चरम पर है। इस महत्वपूर्ण मुकाबले के सफल आयोजन और मौसम के अनुकूल रहने की कामना के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर एचपीसीए के पदाधिकारियों के साथ भगवान इन्द्रुनाग के दरबार पहुंचे और विशेष पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर एचपीसीए के उपाध्यक्ष विजय भंडारी, सचिव मनुज शर्मा, कोषाध्यक्ष विक्रम ठाकुर और अन्य वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे। अनुराग ठाकुर ने कहा कि धर्मशाला स्टेडियम ने न केवल खेल जगत में बल्कि पर्यटन के क्षेत्र में भी हिमाचल को वैश्विक पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई उड़ान मिली है।
वहीं, एचपीसीए सचिव मनुज शर्मा ने बताया कि मैच के सफल आयोजन के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। धर्मशाला में लगातार मिल रही क्रिकेट मैचों की मेजबानी से एसोसिएशन बेहद उत्साहित है। क्रिकेट प्रेमी इन अंतरराष्ट्रीय मैचों का आनंद लेने के लिए भारी संख्या में धर्मशाला पहुंच रहे हैं। स्टेडियम की खूबसूरती और यहां की व्यवस्थाओं की विश्व भर में प्रशंसा हो रही है।















