शिमला, 12 जून।
शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को अफीम सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 915 ग्राम अफीम बरामद की है।
जानकारी के अनुसार 11 जून की मध्यरात्रि को स्पेशल सेल शिमला की टीम छोटा शिमला, ढली, मशोबरा, बसंतपुर, सुन्नी, कधरघाट और जलोग क्षेत्रों में गश्त और चेकिंग अभियान पर थी। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर एक वाहन को रोककर जांच की गई।
वाहन में सवार व्यक्तियों की पहचान ठियोग निवासी दिनेश ठाकुर (45) और सुन्नी निवासी धर्मेंद्र (33) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान वाहन के डैशबोर्ड से लगभग 915 ग्राम अफीम बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपितों से मादक पदार्थ के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका, जिसके बाद उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया है।
इस मामले में पुलिस थाना सुन्नी में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह के अनुसार आरोपितों को न्यायालय में पेश किया जाएगा और मामले की आगे जांच जारी है।













