बलरामपुर, 12 जून।
जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बसंतपुर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने शुक्रवार को 1941 किलो 110 ग्राम गांजा की एक बड़ी खेप बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये आंकी गई है। गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 50 लाख रुपये मूल्य के 16 चक्का ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है। इस पूरी जब्ती की कुल कीमत करीब 10 करोड़ 50 लाख रुपये है।
पुलिस के अनुसार, यह गांजा ओडिशा से उत्तर प्रदेश की ओर ले जाया जा रहा था। बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सोनी को मिली गुप्त सूचना के बाद पुलिस ने रात के समय घेराबंदी की। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें 30-30 किलोग्राम के 62 पैकेट गांजा बरामद हुआ। इस मामले में पुलिस ने सहारनपुर निवासी लोकेश शर्मा और मुजफ्फरनगर निवासी आमिर अंसारी को गिरफ्तार किया है।
जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी लोकेश शर्मा का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह वर्ष 2025 में भी गांजा तस्करी के एक बड़े मामले में शामिल था। पुलिस के अनुसार, यह अंतरराज्यीय तस्करी का मामला है और पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। सरगुजा रेंज के आईजी दीपक कुमार झा और एसपी वैभव बेंकर के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अब तक का सबसे बड़ा प्रहार माना जा रहा है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।










