पुष्कर, 12 जून।
तीर्थराज पुष्कर में ज्येष्ठ मास की कमला एकादशी के अवसर पर आस्था का महाकुंभ देखने को मिला। गुरुवार से शुक्रवार की सुबह तक डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया। इसी के साथ 'अधिक मास पंचतीर्थ स्नान' का विधिवत शुभारंभ हो गया है।
अलसुबह से ही पुष्कर के घाटों और मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी चहल-पहल रही। ब्रह्म मुहूर्त में स्नान के बाद भक्तों ने ब्रह्मा मंदिर समेत अन्य प्रमुख मंदिरों में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। भीषण गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। नगर परिषद और पुलिस प्रशासन द्वारा इस बार श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे। आयुक्त जनार्दन शर्मा के निर्देशन में मुख्य घाटों पर कारपेट, छाया के लिए टेंट, बिजली और साफ-सफाई की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई। घाटों पर जमी काई को हटाकर सीढ़ियों को सुरक्षित बनाया गया, जिसकी श्रद्धालुओं ने खूब सराहना की।

वहीं, इस आयोजन के दौरान गऊ घाट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब स्नान के दौरान पानी में एक सांप निकल आया। भगदड़ के बीच एक महिला श्रद्धालु को सांप ने डस लिया, जिसे तुरंत इलाज के लिए पुष्कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए बाजारों में जगह-जगह पेयजल और शरबत के कैंप भी लगाए थे। पुष्कर की धर्मशालाओं और आश्रमों में ठहरे तीर्थयात्रियों ने भी इस पावन अवसर का पूरा लाभ उठाया।













