मुंबई, 03 जून ।
महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने बुधवार को विधान परिषद चुनाव के लिए अपने 17 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। इस सूची में विभिन्न क्षेत्रों से प्रत्याशियों को शामिल किया गया है।
रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग क्षेत्र से अनिकेत सुनील तटकरे तथा नागपुर से डॉ. राजीव भास्करराव पोतदार को उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रत्याशियों की सूची जारी की गई है।
इस संबंध में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में प्रदेश नेतृत्व की ओर से जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्रियों के नेतृत्व में सीटों के बंटवारे की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है तथा कुछ स्थानों पर हुई असंतोष की स्थिति को भी नियंत्रित कर लिया गया है।
यह भी बताया गया कि स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के प्रतिनिधि इस चुनाव में मतदान करते हैं, इसलिए प्रथम वरीयता के मत का विशेष महत्व है और महायुति के अधिकृत उम्मीदवारों को समर्थन देने की अपील की गई है।
नेताओं ने विश्वास जताया है कि महायुति सभी सत्रह सीटों पर विजय हासिल करेगी और असंतुष्ट कार्यकर्ताओं से अपील की गई है कि वे अपने नामांकन वापस लें, ताकि संगठनात्मक एकता बनी रहे। साथ ही यह भी संकेत दिया गया कि भविष्य में ऐसे कार्यकर्ताओं को विभिन्न निगमों और समितियों में अवसर दिया जा सकता है।











