नई दिल्ली, 04 जून ।
भारतीय रेलवे ने रेल सुरक्षा और उच्च गति संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए चिपयाना बुजुर्ग-टूंडला रेल खंड पर ‘कवच’ वर्जन 4.0 को सफलतापूर्वक चालू कर दिया है। इस प्रणाली को 160 किलोमीटर प्रतिघंटा की परिचालन गति के लिए तैयार किया गया है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी साझा करते हुए इसे रेलवे सुरक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि बताया।
उत्तर मध्य रेलवे के संकेत एवं दूरसंचार विभाग ने 175 रूट किलोमीटर लंबे इस रेल खंड पर अत्याधुनिक स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली को स्थापित किया है। इसके साथ ही उत्तर मध्य रेलवे में कवच वर्जन 4.0 का नेटवर्क बढ़कर 445 रूट किलोमीटर तक पहुंच गया है।
यह उपलब्धि उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के नेतृत्व और प्रधान मुख्य संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर सतेन्द्र कुमार के तकनीकी मार्गदर्शन में हासिल की गई। प्रणाली का परीक्षण कानपुर शताब्दी एक्सप्रेस में किया गया, जो कवच तकनीक से लैस है।
रेलवे के अनुसार यह भारतीय रेल नेटवर्क का पहला ऐसा रेल खंड बन गया है, जहां 160 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति पर कवच वर्जन 4.0 पूरी तरह कार्यरत है। पहली बार इस प्रणाली को प्रोटोकॉल कन्वर्टर्स के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम से भी जोड़ा गया है।
परियोजना के तहत 22 स्टेशनों और नौ लेवल क्रॉसिंग पर टीसीएएस इकाइयां स्थापित की गईं। इसके अलावा 10 डब्ल्यूएपी-7 इंजनों को कवच प्रणाली से लैस किया गया। 4,500 से अधिक आरएफआईडी टैग लगाए गए, नौ नए संचार टावर स्थापित किए गए और फाइबर ऑप्टिक नेटवर्क भी बिछाया गया।
सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रणाली का व्यापक परीक्षण किया गया। अनुसंधान डिजाइन एवं मानक संगठन और अन्य तकनीकी एजेंसियों की निगरानी में 10 हजार किलोमीटर से अधिक परीक्षण दौड़ कराई गई। साथ ही सिग्नल उल्लंघन रोकथाम और गति नियंत्रण से जुड़े 180 से अधिक परीक्षण सफलतापूर्वक पूरे किए गए।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक हेड-ऑन और रियर-एंड टक्कर रोकने से जुड़े परीक्षण भी सफल रहे। वंदे भारत, शताब्दी और श्रमशक्ति एक्सप्रेस सहित विभिन्न ट्रेनों के साथ तकनीक का परीक्षण किया गया।
रेल मंत्रालय का मानना है कि दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर लागू की गई यह तकनीक भविष्य में उच्च गति रेल संचालन का मजबूत आधार बनेगी और रेल यात्रियों की सुरक्षा को नई मजबूती प्रदान करेगी।







.jpg)


