नई दिल्ली, 24 अप्रैल।
भारत सरकार ने अपने नागरिकों के लिए ईरान यात्रा को लेकर कड़ी एडवाइजरी जारी करते हुए फिलहाल वहां न जाने की सलाह दी है। विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि मौजूदा हालात को देखते हुए हवाई और सड़क मार्ग—दोनों से ईरान की यात्रा से बचना चाहिए।
मंत्रालय के अनुसार हालांकि ईरान के लिए कुछ सीमित उड़ानें फिर से शुरू हुई हैं, लेकिन हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध और संचालन से जुड़ी अनिश्चित परिस्थितियां अभी भी बनी हुई हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा पर जोखिम बना रह सकता है।
सरकार ने यह भी निर्देश दिया है कि जो भारतीय नागरिक इस समय ईरान में मौजूद हैं, वे जल्द से जल्द सुरक्षित तरीके से वहां से निकलने की कोशिश करें। इसके लिए निर्धारित जमीनी मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है ताकि सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा सके।
एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि किसी भी सीमा पार करने से पहले नागरिक संबंधित क्षेत्रों में स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क और समन्वय जरूर करें, जिससे निकासी प्रक्रिया व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से पूरी की जा सके।









