अबू धाबी, 27 अप्रैल
पश्चिम एशिया में जारी तनावपूर्ण हालात के बीच इजराइल ने संयुक्त अरब अमीरात में अपने उन्नत वायु रक्षा तंत्र आयरन डोम की तैनाती कर दी है। यह कदम ईरान के साथ चल रहे टकराव के दौरान उठाया गया बताया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर नई हलचल दिखाई दे रही है।
सूत्रों के अनुसार यह निर्णय इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और यूएई के राष्ट्रपति के बीच हुई चर्चा के बाद सामने आया। इसके तहत इजराइली सैन्य दल ने आयरन डोम सिस्टम के साथ इंटरसेप्टर टीम को भी वहां सक्रिय कर दिया है, ताकि संभावित हमलों को रोका जा सके।
बताया जा रहा है कि मौजूदा संघर्ष के दौरान ईरान की ओर से यूएई पर मिसाइल और ड्रोन के जरिए कई हमले किए गए। इन हमलों का लक्ष्य सैन्य ठिकानों के साथ नागरिक क्षेत्र भी रहे, जिससे स्थिति गंभीर बनी रही।
यूएई ने जानकारी दी है कि उसकी सुरक्षा प्रणाली ने अधिकांश हमलों को हवा में ही नष्ट कर दिया। फिर भी कुछ हमले ऐसे रहे जो जमीन तक पहुंचने में सफल हुए, जिनसे नुकसान की आशंका बनी रही।
यह पहला अवसर माना जा रहा है जब इजराइल ने अपने आयरन डोम सिस्टम को किसी दूसरे देश में सक्रिय संचालन के लिए तैनात किया है। इस फैसले को क्षेत्रीय स्तर पर सुरक्षा सहयोग के विस्तार के रूप में देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि वर्ष 2020 में हुए अब्राहम समझौते के बाद से इजराइल और यूएई के बीच रक्षा और रणनीतिक संबंध लगातार मजबूत होते गए हैं। वर्तमान घटनाक्रम दोनों देशों के बीच बढ़ती साझेदारी को और मजबूती देने का संकेत माना जा रहा है।









