वाराणसी, 27 अप्रैल।
वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर पूरे शहर में उत्साह का माहौल देखने को मिला और जगह-जगह सजावट कर शहर को दुल्हन की तरह संवारा गया। इसी क्रम में विकास इंटर कॉलेज, परमानंदपुर की छात्राओं और खिलाड़ियों ने नारी शक्ति वंदन के समर्थन में बालिका मानव श्रृंखला बनाकर अपनी एकजुटता का संदेश दिया।
सुबह लगभग सात बजे हजार से अधिक छात्राएं परमानंदपुर से नटनिया दाई मंदिर तक मानव श्रृंखला में शामिल हुईं और इस दौरान तिरंगे के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरें एवं पोस्टर भी लहराए गए। पूरे आयोजन के दौरान छात्राओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
मानव श्रृंखला के बाद प्रतिभागियों ने विकास इंटर कॉलेज से नटनिया दाई मंदिर तक जागरूकता मार्च निकाला, जिसमें आम लोगों और राहगीरों को नारी वंदन अधिनियम के प्रावधानों और उसके लाभों की जानकारी दी गई। इस दौरान महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को लेकर भी संदेश दिया गया।
इस कार्यक्रम में हैंडबॉल, रग्बी, टेबल टेनिस, जूडो और हॉकी से जुड़ी महिला खिलाड़ियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और केंद्र सरकार की महिला सशक्तिकरण से जुड़ी पहलों को सराहनीय बताया। खिलाड़ियों ने उम्मीद जताई कि 33 प्रतिशत आरक्षण से महिलाओं की भूमिका निर्णायक स्तर तक मजबूत होगी।
कार्यक्रम के संयोजक ने बताया कि संस्थान लंबे समय से महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए कार्य कर रहा है और यहां से कई खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। यह आयोजन महिला सशक्तिकरण की दिशा में जागरूकता और भागीदारी का महत्वपूर्ण उदाहरण बनकर सामने आया।











