कानपुर, 27 अप्रैल।
अरौल थाना क्षेत्र में सोमवार को सड़क किनारे खड़ी डीसीएम से बाइक टकराने के कारण पिता और पुत्र की मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार ककवन थाना क्षेत्र के फत्तेपुर गांव निवासी 52 वर्षीय कमलेश कुमार बाथम अपने 19 वर्षीय बेटे अंकुर के साथ कन्नौज के छिबरामऊ स्थित अर्जुनपुर गांव में एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। लौटते समय जीपीआरडी महाविद्यालय के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी डीसीएम से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों पिता-पुत्र बाइक से उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि बाइक चला रहा बेटा हेलमेट पहने हुए था, फिर भी गंभीर चोटों के कारण उनकी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मामले की जांच जारी है।











