जौनपुर, 27 अप्रैल।
मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक और सवारियों से भरे ऑटो रिक्शा की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार ऑटो रिक्शा मुंगराबादशाहपुर की ओर यात्रियों को लेकर जा रहा था। जैसे ही वाहन सतहरिया पुलिया के पास पहुंचा, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर थाना प्रभारी अश्वनी कुमार दुबे और सतहरिया चौकी प्रभारी धनंजय राय पुलिस बल के साथ पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। ऑटो में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान सोहसा निवासी प्रमोद कुमार मिश्र (53), धौरहरा निवासी शिवशंकर शर्मा (53) और गंगापुर निवासी बरसाती (42) के रूप में हुई है। घायल प्रणव पांडेय और अजीत यादव को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है, जबकि नंदापुर निवासी राकेश बिंद का इलाज जारी है।
पुलिस ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है।











