जौनपुर, 27 अप्रैल।
उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा सोमवार को तीसरे एवं अंतिम दिन कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच प्रारंभ हुई। जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में दोनों पालियों को मिलाकर कुल 16,800 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।
परीक्षा को नकल रहित और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा दो शिफ्टों में कराई जा रही है, जिसमें पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। प्रत्येक पाली में 8,400 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। अभ्यर्थियों की पहचान बायोमेट्रिक जांच और सघन तलाशी के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जा रहा है। प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है तथा तीन स्तर की जांच प्रक्रिया लागू की गई है।
नकल रोकथाम के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और परीक्षा सहायक नियुक्त किए गए हैं। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए जिला स्तर पर अधिकारियों को रिजर्व रखा गया है।
परीक्षा में मुख्य रूप से स्नातक और उच्च शिक्षित अभ्यर्थी शामिल हैं, जिनमें 21 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के उम्मीदवारों की संख्या अधिक है। प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं सुरक्षा व्यवस्था के बीच केंद्रों तक पहुंचाई गई हैं।
जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी केंद्रों पर पेयजल और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।




.jpg)




