कुलगांव, 27 अप्रैल
शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल के अंतर्गत चिड़गांव थाना क्षेत्र के कुलगांव में देवता के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसकी पहचान कर उसे पकड़ लिया। इस गोलीकांड में 26 वर्षीय महिला रितिका की मौत हो गई।
यह वारदात रविवार देर रात करीब 12:45 बजे उस समय हुई, जब कुलगांव में नवनिर्मित मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के तहत धार्मिक आयोजन चल रहा था। बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और पारंपरिक नृत्य व उत्सव का माहौल बना हुआ था। इसी दौरान अचानक जश्न के बीच आरोपी ने गोली चला दी, जो वहां मौजूद रितिका को लग गई। वह चिड़गांव क्षेत्र की रहने वाली थीं।
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल रितिका को तुरंत रोहड़ू सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल फैल गया।
पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य एकत्र किए गए तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए गए। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है, जिसमें आयोजन के दौरान हथियारों के उपयोग और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी शामिल है। दोषी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।









