कानपुर, 27 अप्रैल।
चकेरी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मृतक के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर पहचान कर परिजनों को सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान उन्नाव स्थित आवास विकास कॉलोनी निवासी 44 वर्षीय विक्रांत विश्वकर्मा के रूप में हुई है। वह बाइक से रामादेवी से नौबस्ता की ओर जा रहे थे, तभी गदियाना पुलिया के पास एक तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर काफी दूर तक घिसटता चला गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टैंकर अत्यधिक गति में था और हादसे के बाद चालक वाहन सहित नौबस्ता की ओर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और टैंकर चालक की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है। मामले में तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








