जबलपुर, 31 अक्टूबर।
नरसिंहपुर के गोटेगांव से सड़क मार्ग द्वारा जबलपुर आते समय मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का शुक्रवार को शहपुरा में भव्य स्वागत किया गया। इस यात्रा के दौरान स्थानीय युवाओं के विशेष आग्रह पर मुख्यमंत्री ने एक लोकल कैफे में रुककर कुल्हड़ वाली चाय का स्वाद चखा।
शहपुरा पहुंचने पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत विधायक नीरज सिंह और उनके युवा समर्थकों द्वारा ढोल-नगाड़ों की गूंज और जोरदार नारों के साथ किया गया। मुख्यमंत्री ने भी वाहन से उतरकर युवाओं से मुलाकात की और उनके साथ कुछ पल बिताए।
इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शहपुरा स्थित डीआरएक्स कैफे में प्रवेश किया और वहां कुल्हड़ चाय की चुस्कियां लीं। उन्होंने कैफे के संचालक राजदीप राय और विशेष जैन को उनके इस नए व्यापारिक प्रतिष्ठान के आरंभ होने पर अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
इस स्वागत कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष राजकुमार पटेल, पार्टी के किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री राजमणि सिंह बघेल, राजा नाहर, प्रिंस पटेल समेत बड़ी संख्या में स्थानीय युवा और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
















