बिलासपुर, 01 अप्रैल।
छत्तीसगढ़ के रामावतार जग्गी हत्याकांड में अब अंतिम सुनवाई गुरुवार को होने जा रही है। उच्च न्यायालय की स्पेशल डिवीजन बेंच ने सीबीआई को निर्देश दिया है कि वह केस से जुड़ी फाइल तुरंत उपलब्ध कराए।
आज बुधवार को हुई सुनवाई में चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस अरविंद वर्मा की बेंच के सामने अमित जोगी के वकील ने फाइल न होने की बात कही और जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा। कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए सीबीआई को तत्काल दस्तावेज उपलब्ध कराने और बचाव पक्ष को 24 घंटे में जवाब प्रस्तुत करने का आदेश दिया।
यह मामला पहले उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर पुनः उच्च न्यायालय में सुना जा रहा है। इससे पहले डिवीजन बेंच ने दोषियों की अपील खारिज कर आजीवन कारावास की सजा बरकरार रखी थी। उच्चतम न्यायालय ने बाद में सीबीआई की अपील स्वीकार कर मामले को विस्तृत सुनवाई के लिए छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय भेजा।
गुरुवार को होने वाली यह सुनवाई इस बहुचर्चित हत्याकांड में निर्णायक मानी जा रही है, और इससे केस की मेरिट पर अंतिम फैसला प्रभावित हो सकता है।











