जौनपुर, 23 मार्च।
उत्तर प्रदेश के जौनपुर के पालीटेक्निक चौराहे के पास स्थित अस्थायी गौशाला में मृत पशुओं की हड्डियों की कथित बिक्री के आरोप सामने आने के बाद गौ सेवा संगठन के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रदर्शन किया और प्रशासन से तुरंत सख्त कार्रवाई की मांग की।

गौ सेवा संगठन के जिलाध्यक्ष पवन पांडेय के नेतृत्व में दर्जनों गौ रक्षक गौशाला पहुंचे और यहां अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाई। उनका आरोप है कि मृत पशुओं के अवशेषों को सही तरीके से निस्तारित नहीं किया जा रहा और हड्डियां बिक्री के लिए इकट्ठा की जा रही हैं। पांडेय ने बताया कि संगठन के सदस्य नियमित रूप से गौशाला में हरा चारा देने आते हैं और उन्हें कई बार व्यवस्था में खामियां दिखाई दीं। उन्होंने कहा कि गौशाला संचालक पहले भी चारा और चोकर बेचते हुए पकड़े जा चुके हैं, लेकिन उस समय केवल चेतावनी दी गई थी।
इस बार गौ रक्षकों ने मौके पर बड़ी मात्रा में हड्डियां बरामद की हैं, जिन्हें कथित तौर पर बिक्री के लिए रखा गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि मृत गौवंश को नियमों के अनुसार दफनाने के बजाय उनकी हड्डियां बेची जा रही हैं, जो गंभीर अनियमितता है। संगठन ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।

इस मामले में मौके पर पहुंचे अधिशासी अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि पूरी घटना की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और जांच की जा रही है कि हड्डियां कहां से आई और कहां जा रही थीं।












