गुप्तकाशी, 08 अप्रैल।
केदारनाथ धाम के पैदल यात्रा मार्ग पर छोटी लिंचोली से केदारनाथ तक भारी बर्फबारी और हिमस्खलन के चलते निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। सोनप्रयाग से केदारपुरी तक लोनिवि गुप्तकाशी ने यात्रियों के सुगम आवागमन के लिए कई नई निर्माण और मरम्मत के कार्य युद्धस्तर पर शुरू किए थे। हालांकि लगातार बारिश और भारी बर्फबारी के कारण कर्मचारी और श्रमिक अपने कार्य को सुचारु रूप से करने में कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।
प्राथमिक चरण में बर्फ हटाने के लिए 30 श्रमिकों की दो टीमें बनाई गई थीं। एक टीम केदारनाथ से और दूसरी छोटी लिंचोली से बर्फ हटाने का कार्य कर रही थी। मंगलवार तक लगभग 4 से 5 फीट चौड़ाई तक रास्ता साफ कर लिया गया था, लेकिन नए मौसम के कारण कई स्थानों पर बर्फ फिर जमा हो गई।
लोनिवि के अधिशासी अभियंता राजविंद सिंह ने बताया कि बदलते मौसम को देखते हुए आगामी दिनों में श्रमिकों की संख्या बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है, ताकि यात्रा शुरू होने से पहले पैदल मार्ग पूरी तरह तैयार किया जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि विभाग इस कार्य में पूरी संवेदनशीलता दिखा रहा है और विपरीत मौसम में भी श्रमिक केदारपुरी में डटे हुए हैं।
वहीं लगातार बारिश और बर्फबारी के चलते केदार घाटी के व्यवसायियों में मायूसी छा गई है। कई व्यवसायियों ने यात्रा की तैयारी के लिए लाखों रुपए खर्च कर सामग्री, ईंधन और टेंट की व्यवस्था कर ली थी, लेकिन बदलते मौसम ने अब यात्रा पर असर डालना शुरू कर दिया है।


.jpg)





.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

