खड़गपुर, 21 अप्रैल।
भाजपा के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष ने दावा किया है कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के सत्ता से बाहर होने का समय नजदीक आ चुका है। मंगलवार सुबह खड़गपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने राज्य की राजनीतिक स्थिति पर यह टिप्पणी की।
दिलीप घोष ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस का राजनीतिक प्रभाव अब समाप्ति की ओर है और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नियंत्रण में अब परिस्थितियां नहीं रह गई हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य में सत्ता परिवर्तन तय है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में लोग भय के वातावरण में जीवन व्यतीत कर रहे हैं और कई स्थानों पर मतदान के दौरान स्वतंत्र रूप से वोट डालने की स्थिति नहीं बन पाती। उनके अनुसार यदि मतदान केंद्रों पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की जाए तो लोग निर्भय होकर मतदान कर सकेंगे।
भाजपा नेता ने कहा कि जहां बूथों की सुरक्षा केंद्रीय बलों के हाथों में होगी, वहां मतदाता बिना किसी दबाव के मतदान करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस पर भी कुछ तत्वों के साथ मिलकर मतदाताओं को प्रभावित करने के आरोप लगते हैं।
उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी अब असामाजिक तत्वों के प्रभाव में आ गई है और केवल शोर-शराबे से स्थिति नहीं बदलेगी।
इसके साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग और न्यायपालिका की भूमिका की सराहना की और कहा कि दोनों संस्थाएं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य कर रही हैं।



.jpg)




