मुर्शिदाबाद, 27 अप्रैल।
मुर्शिदाबाद जिले के खरग्राम क्षेत्र में कालबैशाखी तूफान के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और शोक का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार की शाम अचानक तेज हवा और बारिश शुरू होने पर पांच लोग गांव की सड़क के किनारे एक बरगद के पेड़ के नीचे खड़े हो गए थे। इसी दौरान बिजली सीधे पेड़ पर गिर पड़ी, जिससे बड़ा हादसा हो गया।
इस घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो को मृत घोषित कर दिया और बाकी तीन का इलाज जारी रखा गया है।
मृतकों की पहचान शरणन दास (40), निवासी कल्याणपुर गांव, कान्दी तथा सावित्री घोष (60), निवासी बराड़ गांव, खड़ग्राम थाना क्षेत्र के रूप में हुई है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।












