नई दिल्ली, 27 अप्रैल
बाहरी उत्तरी जिले के भलस्वा डेयरी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई। यह हादसा वजीराबाद की ओर जाने वाले लूप रोड पर मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास हुआ, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, हालांकि तब तक स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया जा चुका था, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में मृतकों की पहचान सफ अली (20), निवासी संगम विहार बुराड़ी, तथा शाहिद, निवासी जेजे कॉलोनी बवाना के रूप में हुई है।
रविवार रात करीब नौ बजे पुलिस को सूचना मिली कि रिंग रोड से वजीराबाद जाने वाले लूप रोड पर एक सफेद रंग की मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में पड़ी है। मौके पर पहुंची टीम को नाले के पास बाइक लावारिस हालत में मिली, जबकि जांच में पता चला कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पहले ही बाबू जगजीवन राम अस्पताल पहुंचाए जा चुके थे।
अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए बीजेआरएम अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया। प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई होगी या किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से यह दुर्घटना हुई है, हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों के अभाव में कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
भलस्वा डेयरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की आगे की जांच विशेष इकाई को सौंप दी गई है, साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।











