सिलीगुड़ी, 27 अप्रैल 2026
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से पहले चुनाव आयोग के निर्देशानुसार राज्य में 26 से 29 अप्रैल तक शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है। इसी प्रतिबंध का लाभ उठाकर अवैध रूप से शराब की कालाबाजारी की कोशिश का मामला सामने आया है।
सिलीगुड़ी के प्रधान नगर थाना क्षेत्र में पुलिस को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई की गई, जिसमें एक घर से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई। जानकारी के अनुसार धर्मनगर इलाके के एक नंबर वार्ड स्थित मकान में बड़ी मात्रा में शराब छिपाकर रखी गई थी, जिसे प्रतिबंध के दौरान अधिक दामों पर बेचने की योजना बनाई गई थी।
पिछली रात प्रधान नगर थाना पुलिस की टीम ने सादी वर्दी में छापेमारी कर लगभग तीन लाख रुपये मूल्य की शराब जब्त की। इस कार्रवाई के दौरान धर्मनगर निवासी आयुष कहार नामक युवक को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे आज सिलीगुड़ी न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी तेज कर दी गई है।
चुनाव को देखते हुए प्रशासन द्वारा अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है।











