भोपाल, 23 अप्रैल।
राजधानी में गुरुवार को भाजपा किसान मोर्चा द्वारा किसानों को भूमि अधिग्रहण पर चार गुना मुआवजा देने के फैसले का स्वागत करते हुए उत्सव मनाया गया। रोशनपुरा चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर खुशी जाहिर की और मिठाइयां वितरित कर निर्णय के प्रति समर्थन व्यक्त किया।
यह आयोजन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किसानों के हित में लिए गए इस निर्णय के प्रति आभार प्रकट करने के उद्देश्य से किया गया। नई व्यवस्था के अनुसार शासकीय और सार्वजनिक परियोजनाओं के लिए अधिग्रहित कृषि भूमि पर किसानों को बाजार मूल्य का चार गुना मुआवजा दिया जाएगा।
किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने कहा कि यह फैसला किसानों की आर्थिक मजबूती की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने इसे सरकार की किसान हितैषी सोच का प्रतीक बताते हुए कहा कि इससे किसानों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी और विकास कार्यों को भी गति प्राप्त होगी।
उन्होंने बताया कि पूर्व में भी बड़ी संख्या में किसानों को मुआवजा वितरित किया गया है और अब उसे और बढ़ाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल की गई है। राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2026 को ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है और यह निर्णय उसी प्रयास का हिस्सा है।
विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि यह निर्णय किसानों के श्रम का सम्मान करने वाला है और इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन आएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे किसानों के जीवन स्तर में सुधार होगा।
कार्यक्रम में किसान मोर्चा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने इस निर्णय को किसानों के हित में महत्वपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।










.jpg)