कोरबा, 11 नवंबर।
कोरबा विधानसभा क्षेत्र में 3 करोड़ 88 लाख 25 हजार रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का बुधवार को भूमिपूजन किया गया। मोतीसागरपारा में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि और महापौर संजू देवी राजपूत अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहीं।
इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र में सड़क, सामुदायिक भवन और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा। भूमिपूजन के तहत वार्ड क्रमांक 7 के धनुहार मोहल्ले में जयसिंह सनवाल के घर से तारा चंद्र श्रीवास के घर तक 7 लाख रुपये की लागत से सड़क बनाई जाएगी। वार्ड क्रमांक 8 के सीतामणी मोतीसागरपारा में 10 लाख रुपये से सामुदायिक भवन और पूर्व पार्षद बंशीलाल महिलांगे के घर के आगे से कुष्ठ आश्रम एवं प्राथमिक शाला जाने वाले मुख्य मार्ग पर 8 लाख रुपये से सड़क निर्माण होगा।
बरबसपुर में 2.85 करोड़ रुपये के कार्य
सीबीडी प्लांट एरिया बरबसपुर में 2 करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड, रिटेनिंग वॉल, बॉक्स कलवर्ट, पिचिंग, बोरवेल, पीएंडएफ और हाईमास्ट स्ट्रीट लाइट का निर्माण किया जाएगा।
वार्ड क्रमांक 10 की वैष्णो दरबार रेलवे लाइन बस्ती में 20.98 लाख रुपये से डीआई मुख्य पाइपलाइन को 150 मिलीमीटर व्यास की वितरण पाइपलाइन से जोड़ने और उसका विस्तार करने का काम होगा। वहीं वार्ड क्रमांक 14 में ओसीएचटी के पीछे से अमरावपारा और रेलवे कॉलोनी तक 38.23 लाख रुपये की लागत से 450 मिलीमीटर व्यास की मुख्य पाइपलाइन से वितरण पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इससे कम दबाव से पेयजल मिलने की समस्या दूर करने में मदद मिलेगी।
हर वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता
मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि कोरबा विधानसभा के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। सड़क, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सामुदायिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को स्वीकृति दिलाकर पूरा कराया जा रहा है। विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और क्षेत्र तक पहुंचाने का संकल्प है।
कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत, पार्षद रूबी देवी सागर, उर्वशी राठौर, राधा महंत, सुलोचना यादव, धनश्री साहू, ईश्वर पटेल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष वैभव शर्मा, मंडल अध्यक्ष योगेश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।















