सोनीपत, 11 नवंबर।
गोहाना क्षेत्र में जम्मू-कटरा एक्सप्रेस-वे पर सड़क पर टक्कर के बाद हुए विवाद में एक कपड़ा शोरूम के सहायक प्रबंधक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बुधवार तड़के हुई इस वारदात में रोहतक निवासी प्रह्लाद की जान चली गई। आरोप है कि पीछे से कार को टक्कर मारकर भाग रहे वाहन सवार युवकों से कारण पूछने पर उन्होंने गोली चला दी।
प्रह्लाद रोहतक के तिलक नगर के रहने वाले थे और एक कपड़ा शोरूम में सहायक प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार को वह अपने साथी कर्मवीर के साथ कैथल में नए कपड़ा शोरूम के उद्घाटन समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद दोनों देर रात कार से रोहतक लौट रहे थे।
रात करीब ढाई बजे जम्मू-कटरा एक्सप्रेस-वे पर पीछे से आ रहे एक वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी। चालक वाहन रोकने के बजाय वहां से निकल गया। इसके बाद प्रह्लाद और कर्मवीर ने पीछा कर रुखी और आहुलाना गांव के बीच उस गाड़ी को रुकवा लिया।
दोनों कार से उतरकर टक्कर मारने का कारण पूछने लगे। इसी बात पर दूसरी गाड़ी में सवार युवकों के साथ उनकी बहस हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान युवकों ने गोली चला दी। एक गोली प्रह्लाद की बाजू में लगी और वह सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद हमलावर वाहन लेकर फरार हो गए।
कर्मवीर घायल प्रह्लाद को उपचार के लिए पीजीआई रोहतक ले गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह रोहतक पुलिस से सोनीपत पुलिस नियंत्रण कक्ष को घटना की जानकारी मिली थी। शुरुआती जांच में मामला सड़क पर हुई कहासुनी से जुड़ा सामने आया है। फिलहाल किसी पुरानी रंजिश की जानकारी नहीं मिली है। मृतक के साथी ने पुलिस को बताया कि दोनों ने शराब पी रखी थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रह्लाद को एक ही गोली लगी थी।
मोहाना के एसीपी देवेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच बरोदा थाना पुलिस कर रही है। वारदात रुखी टोल से कुछ पहले हुई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों के वाहन की पहचान कर ली गई है।
आरोपियों की तलाश के लिए सीआईए और बरोदा थाना पुलिस की टीमें जुटी हैं। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस वाहन का पता लगाने के साथ गोली चलाने की परिस्थितियों और हत्या के पीछे के कारणों की भी पड़ताल कर रही है।















