विजयवाड़ा, 11 नवंबर।
आंध्र प्रदेश के पूर्व राज्यसभा सदस्य वी. विजयासाई रेड्डी ने बुधवार को नई राजनीतिक पार्टी 'परिवर्तन राजनीति पार्टी' (पीपीपी) के गठन की घोषणा की। विजयवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने पार्टी के नाम और झंडे का अनावरण किया। पार्टी के झंडे में ऊपर केसरिया और नीचे सफेद रंग है, जबकि बीच में चक्र का चिह्न बनाया गया है।
युवाओं में नेतृत्व विकसित करने का लक्ष्य
विजयासाई रेड्डी ने कहा कि आंध्र प्रदेश के युवाओं में नेतृत्व के गुण विकसित करने के उद्देश्य से नई पार्टी शुरू की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी मुख्यमंत्री बनने की कोई आकांक्षा नहीं है। उनका कहना है कि पार्टी परिवारवाद की राजनीति को समाप्त करने और समाज के हर वर्ग में नेतृत्व को बढ़ावा देने के लिए काम करेगी।
वाईएसआरसीपी छोड़ने के बाद राजनीति में वापसी
विजयासाई रेड्डी युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के राष्ट्रीय महासचिव रह चुके हैं। उन्होंने जनवरी 2025 में पार्टी छोड़कर राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा की थी। इसी दौरान उन्होंने राज्यसभा की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया था।
वह पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी के करीबी सहयोगी रहे हैं। वर्ष 2019 में आंध्र प्रदेश में वाईएसआरसीपी की भारी बहुमत से सरकार बनने के बाद विजयासाई रेड्डी पार्टी के प्रमुख नेताओं में शामिल हो गए थे। अब नई पार्टी के गठन के साथ उन्होंने राजनीति में वापसी की है।















