नई दिल्ली, 25 मार्च 2026।
घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की बुकिंग समय-सीमा को लेकर सोशल मीडिया में फैल रही अफवाहों को केंद्र सरकार ने खारिज कर दिया है और स्पष्ट किया है कि इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बताया कि शहरों में एलपीजी सिलेंडर 25 दिन में और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन में ही उपलब्ध होगा। मंत्रालय ने कहा कि कुछ रिपोर्टों और सोशल मीडिया पोस्टों में पीएम उज्ज्वला योजना कनेक्शन के लिए 45 दिन, गैर-पीएमयूवाई सिंगल बॉटल के लिए 25 दिन और डबल बॉटल के लिए 35 दिन का दावा किया जा रहा है, लेकिन यह पूरी तरह गलत जानकारी है।
मंत्रालय ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसी भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें और न ही उन्हें फैलाएं। साथ ही कहा गया कि अनावश्यक या घबराहट में रिफिल बुकिंग करने से बचें। मंत्रालय ने भरोसा दिलाया है कि देश में एलपीजी का पर्याप्त भंडार मौजूद है और किसी तरह की कमी की आशंका नहीं है, इसलिए नागरिकों को चिंता करने की जरूरत नहीं है।











